कलगड़ी में बैली ब्रिज का कार्य तेज़ी से जारी, जल्द बहाल होगा यातायात
गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाले बुआखाल–धुमाकोट–रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाबों के समीप कलगड़ी में बैली ब्रिज निर्माण का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। यहाँ हाल ही में गदेरे में आई बाढ़ से वर्ष 1970 में बना मोटर पुल ध्वस्त हो गया था। पुल तैयार हो जाने पर पौड़ी जिले के पैठाणी, थलीसैंण, चाकीसैण, त्रिपालीसैण, भरसार, बीरोंखाल और धुमाकोट क्षेत्र पुनः जिला मुख्यालय और कुमाऊं मंडल के रामनगर क्षेत्र से पूर्व की भांति सड़क मार्ग से जुड़ जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली और पानी सहित आवश्यक सेवाओं की त्वरित बहाली के निर्देश दिए हैं। उनके आदेशों के क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, धुमाकोट) ने तत्काल पुल निर्माण कार्य शुरू किया।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, ध्वस्त पुल 20 मीटर लंबा था, जबकि वर्तमान में 45 मीटर लंबा बैली ब्रिज तैयार किया जा रहा है। इस स्थल पर 25 मीटर सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गयी थी, जिसके कारण पुल का स्पान बढ़ा दिया गया है।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि कलगड़ी में बैली ब्रिज का निर्माण युद्ध स्तर पर जारी है। विभाग पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है और उम्मीद है कि अगले दो-तीन दिनों में पुल पर छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।


Interesting perspective, the part about fabric quality was laid out step by step, this answered my questions.