गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी बने राष्ट्रीय मीडिया संयोजक,और पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
पौड़ी। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड के पौड़ी जिले के दो वरिष्ठ नेताओं को संगठन में अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है।
भाजपा का यह निर्णय उत्तराखंड की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तीरथ सिंह रावत लंबे समय से पार्टी संगठन और राज्य की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद भी रह चुके हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने से पार्टी संगठन में उनकी भूमिका और मजबूत होने की संभावना है।
वहीं, अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाए जाने से पार्टी के मीडिया एवं संचार तंत्र में उनकी भूमिका अहम हो गई है। बलूनी वर्तमान में गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद हैं और इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख का पद भी संभाल चुके हैं।

