जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान को दी भावभीनी विदाई
नई जिम्मेदारी में होंगे उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ
जनपद पौड़ी गढ़वाल के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान (आईएएस बैच-2012) को उत्तराखंड सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें मुख्य कार्याधिकारी अधिकारी,उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) व निदेशक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. चौहान के स्थानांतरण पर जिला कार्यालय सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। जहां जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न संगठनों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि डॉ. चौहान ने अपने कार्यकाल में जनपद में विकास की रफ्तार को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी एक जमीन से जुड़े हुए अधिकारी हैं, जिन्होंने आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया। उनका प्रशासनिक दृष्टिकोण प्रेरणाप्रद है। हमें उनके कार्यों से सीख लेकर उसी समर्पण भाव से जनता की सेवा करनी चाहिए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि पौड़ी जनपद मेरे लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव रहा है। यहां के लोगों ने जो स्नेह और सहयोग दिया, वह हमेशा स्मरणीय रहेगा। प्रशासनिक जिम्मेदारियों को निभाने के साथ-साथ मुझे जन सहभागिता का जो अनुभव यहां मिला वह बेहद मूल्यवान है। उन्होंने अधिकारियों की टीम की भी सराहना की और कहा कि जनपद के विकास में सभी विभागीय अधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र की कार्यकुशलता तब ही निखरती है जब उसे जनसमर्थन और विभागीय सहयोग प्राप्त होता है। कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे यह दोनों बातें पौड़ी में प्राप्त हुईं।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी डॉ. चौहान के कार्यकाल को सराहा और कहा कि उन्होंने न केवल कार्यालयी कार्यों में तत्परता दिखाई, बल्कि मैदान में उतरकर विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा है।
इस मौके पर डीएफओ गढ़वाल स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य कृषि अधिकारी विकेश कुमार यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेन्द्र बर्तवाल, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने किया।


This clarified a lot, the part about fit and tailoring was presented nicely, great resource overall.