सतपुली आत्महत्या प्रकरण में एसएसपी पौड़ी ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा।


सतपुली में युवक की आत्महत्या प्रकरण में एसएसपी पौड़ी द्वारा निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा।

दिनांक 02.05.2026 को सुबह थाना सतपुली पर डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सतपुली रायपुर गांव स्थित पुल पर एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई है। उक्त सूचना पर थाना सतपुली से पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुँचा। पुलिस टीम,एसडीआरएफ एवं फायर कर्मियों द्वारा शव को सावधानीपूर्वक नीचे उतारा गया। घटनास्थल पर मृतक के परिजन एवं स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद थे। मौके पर एफएसएल टीम द्वारा फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करने के साथ साथ साक्ष्यों का संकलन भी किया गया। पुलिस टीम द्वारा मृतक का पंचायतनामा भरने के उपरांत शव को पोस्टमार्टम हेतु राजकीय चिकित्सालय, कोटद्वार भेजा गया है जहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। मृतक की पहचान पंकज कुमार, निवासी- रैतपुर, सतपुली पौड़ी गढ़वाल, (उम्र लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई है।

प्रकरण की संवेदनशीलता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार द्वारा उक्त प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार के सुपुर्द की गई है। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि दिनांक 01.05.2026 को मृतक पंकज कुमार द्वारा शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाते हुए एक स्थानीय चिकित्सक को टक्कर मार दी गई थी, जिससे चिकित्सक घायल हो गए तथा स्वयं मृतक भी वाहन से गिरकर चोटिल हुआ था पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा युवक का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया जिसमें युवक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई, क्यूंकि युवक द्वारा शराब के नशे में मोटर साइकिल चलायी जा रही थी इसके आधार पर मृतक पंकज कुमार की मोटरसाइकिल को नियमानुसार सीज किया गया। तत्पश्चात मृतक के परिजनों (माता एवं चाचा) को थाने पर बुलाकर युवक को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया। घटना में घायल चिकित्सक और युवक का आपसी समझौता होने पर दोनों पक्षों द्वारा किसी प्रकार की वैधानिक कार्रवाई की इच्छा व्यक्त नहीं की गई।

युवक की इस आत्महत्या की घटना के संबंध में पुलिस द्वारा सभी संभावित पहलुओं को दृष्टिगत रखते हुए गहनता से जांच करने के साथ साथ युवक द्वारा लगाये गये आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Right Menu Icon